बलिनी महिलाओं के सशक्तिकरण का सुनहरा उदाहरण; देश का विकास महिलाओं के सशक्तिकरण से ही संभव: ललन सिंह

झांसी। बुंदेलखंड के झाँसी में माननीय केंद्रीय मत्स्यपालन, पशुपालन एवं डेयरी तथा पंचायती राज मंत्री श्री राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह ने यहां बलिनी महिला दुग्ध उत्पादक संघ (बलिनी एमपीओ) के एक दुग्ध शीतलन केंद्र (मिल्क चिलिंग सेंटर) का उद्घाटन किया, और ‘लखपति दीदी’ योजना की लाभार्थी महिलाओं को सम्मानित किया।

इस अवसर पर श्री ललन सिंह ने कहा कि आज वो यहां जो महिलाओं का सशक्तिकरण देख रहे हैं, वह प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के विजन का साकार होना है। 80-85000 महिलाओं का एक संगठन से जुड़ना, और उनमें से भी 13000 से ज्यादा का लखपति बनना एक अनूठा उदाहरण है।

श्री सिंह ने बलिनी की महिला सदस्यों की प्रशंसा करते हुए कहा कि उन्होने अपनी मेहनत और कर्मठता से बलिनी को उस मुकाम पर पहुंचा दिया है, जिसके बारे में सिर्फ सोचा जा सकता है। उन्होंने उपस्थित सभी महिला किसानों का आह्वान करते हुए कहा कि वे प्रगति के रास्ते पर ऐसे ही आगे बढ़ते रहे, वह दिन भी दूर नहीं है, जब 50000 या उससे ज्यादा महिमा किसान भी ‘लखपति दीदी’ बनेंगी!

केंद्रीय पशुपालन और डेयरी विभाग की सचिव सुश्री अलका उपाध्याय ने एनआरएलएम के अंतर्गत बलिनी की स्थापना और उसके विकास की भूरि-भूरि प्रशंसा करते हुए सभी महिला सदस्यों को गुजरात के एक एमपीओ से प्रेरणा लेते हुए दूध के साथ अन्य आजीविका के साधन शुरू करने के लिए कहा। साथ ही उन्होंने उन महिला किसानों से निवेश के विकल्पों के बारे में भी सीखने की सलाह दी, जिससे वे अपनी आय को और भी बढ़ा सकें।

बलिनी की उपस्थित सदस्यों को सम्बोधित करते हुए राष्ट्रीय डेरी एवं विकास बोर्ड (एनडीडीबी) व एनडीडीबी डेयरी सर्विसेज (एनडीएस) के चेयरमैन डॉ मीनेश शाह ने कहा कि हमने बलिनी की ही तरह 23 दुग्ध उत्पादक संघों को गोद लेकर उनका सफलतापूर्वक विकास किया है। इन संघों की 75% सदस्य महिलाएं हैं। साथ ही इनमें से 16 दुग्ध उत्पादक संघ ऐसे हैं, जिनमें न सिर्फ सभी सदस्य महिलाएं हैं, बल्कि उनके बोर्ड में भी सभी महिलाएं हैं। यदि हम सभी 23 दुग्ध उत्पादक संघों की भी बात करें, तो उनके 180 बोर्ड सदस्यों में से 140 महिलाएं हैं। इससे बेहतर महिला सशक्तिकरण का उदाहरण दुनिया के किसी हिस्से में शायद ही कहीं मिले। डॉ शाह ने इस मौके पर बलिनी के सदस्यों से दुग्ध का उत्पादन वर्तमान 3.5 लाख लीटर प्रति दिन से एक मिलियन लीटर प्रति दिन का लक्ष्य लेकर आगे बढ़ने का आव्हान किया।

इस अवसर पर झांसी-ललितपुर से लोकसभा सदस्य श्री अनुराग शर्मा, एनडीडीबी-एनडीएस के मैनेजिंग डायरेक्टर डॉ. सीपी देवानंद, पशु स्वास्थ्य आयुक्त डॉ. अभिजीत मित्रा, स्थानीय विधायक श्री जवाहर सिंह राजपूत और श्री राजीव सिंह परीदा, और बलिनी एमपीओ के मुख्य कार्यपालक अधिकारी डॉ ओ. पी. सिंह, बलिनी एमपीओ की चेयरपर्सन श्रीमती आरती राजपूत सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published.